Skip to main content

आईटी पार्क में जलभराव से मिलेगी राहत, 38 करोड़ से तैयार होगा ड्रेनेज सिस्टम

आईटी पार्क में जलभराव से मिलेगी राहत, 38 करोड़ से तैयार होगा ड्रेनेज सिस्टम

रिस्पना नदी का भी होगा कायाकल्प

देहरादून। राजधानी देहरादून के सहस्रधारा स्थित आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की पुरानी समस्या को दूर करने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। इसके लिए करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से वैज्ञानिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की योजना तैयार की गई है। वहीं, रिस्पना नदी को नया स्वरूप देने के लिए कैनाल, रिवरफ्रंट और इको पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में संबंधित विभागों और विशेषज्ञों की बैठक हुई। इसमें आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान और राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के पुनर्जीवन एवं सौंदर्यीकरण से जुड़ी कार्ययोजनाओं का तकनीकी प्रस्तुतीकरण किया गया। बैठक में बताया गया कि आईटी पार्क के ड्रेनेज सिस्टम पर लगभग 38 करोड़ रुपये और रिस्पना नदी के कैनाल, रिवरफ्रंट व इको पार्क के विकास पर करीब 2.74 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

जिलाधिकारी ने रिस्पना रिवरफ्रंट परियोजना के लिए जिला योजना और जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) निधि से बजट स्वीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी न हो और सभी जरूरी औपचारिकताएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं।

वहीं, आईटी पार्क क्षेत्र की जलभराव समस्या के समाधान के लिए तैयार 38 करोड़ रुपये की कार्ययोजना शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस समस्या का समाधान अस्थायी उपायों से नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर किया जाना चाहिए। इसके लिए क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक जल निकासी मार्गों और बारिश के पानी के बहाव का तकनीकी आकलन कर दीर्घकालिक योजना तैयार की जाए।

गौरतलब है कि जिलाधिकारी के निर्देश पर सिंचाई विभाग ने आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञ कंसल्टेंसी को तकनीकी सर्वेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसी क्रम में एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के प्रतिनिधियों ने ड्रेनेज सिस्टम और रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्तावों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, सिंचाई विभाग के अधिकारी ई.आर. पुरुषोत्तम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

टैग श्रेणी

↑